पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के क्रम में नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड के नानन्द गांव स्थित बने कार्यक्रम स्थल से नालंदा जिले के लिए 820.72 करोड़ रुपये की कुल 263 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 361.66 करोड़ रुपये की 177 योजनाओं का उ‌द्घाटन और 459.05 करोड़ रुपये की 86 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने आज नालंदा जिले में विभिन्न जगहों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिलाव प्रखंड के नानन्द ग्राम में जल-जीवन-हरियाली अभियान योजना के अंतर्गत जीर्णोद्धार किए गए तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तालाब बहुत अच्छा बना है। मुख्यमंत्री ने वहां निर्मित हुनर पुस्तकालय भवन का भी फीता काटकर उद्घाटन किया।

यह भी पढ़े : कुंभ नहाने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस में लगी आग

मुख्यमंत्री ने महादलित बस्ती, नानन्द का भ्रमण किया। वहां बनाए गए खेल मैदान का जायजा लिया और खिलाड़ियों को बास्केट बॉल प्रदान कर खेल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन सह वर्कशेड का उद्घाटन कर जायजा लिया और बाल हृदय योजना के लाभार्थियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत पशु धन के हस्तांतरण का प्रमाण पत्र दिया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने नानन्द गांव में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग, कृषि विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग आदि के स्टॉलों का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन के लिए की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत 10 हजार 922 स्वयं सहायता समूह को 263 करोड़ 32 लाख रुपये का, 10 हजार 775 स्वयं सहायता समूह को 29 करोड़ 11 लाख रुपये का और 2753 स्वयं सहायता समूह को 9 करोड़ 60 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने 37 करोड़ 89 लाख रुपये लागत के नवनिर्मित राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय उच्च विद्यालय भवन, सब्बैत का फीता काटकर अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने पूरे विद्यालय परिसर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक भवन एवं आवासीय भवन के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने रोबोटिक्स लैब का जायजा लिया और बच्चियों से बातचीत की।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने मोहनपुर मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मत्स्य पालन की नई तकनीकों के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यहां 12 एकड़ में निर्मित 16 तालाबों में मछली उत्पादन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मोहनपुर मत्स्य हैचरी के पूरे परिसर का जायजा लिया और कहा कि यह बहुत अच्छा है। इससे मछली उत्पादकों को काफी लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने नालंदा जिला के बिंद प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 218.20 लाख रुपये की लागत से 100 बेड के बालिका छात्रावास भवन का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया। विद्यालय प्रांगण में बने खेल मैदान का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि खूब मन लगाकर पढ़िए और खेलिए। राज्य सरकार विभिन्न खेलों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री को 9671.47 लाख रुपये की लागत से अस्थावां-सकसोहरा पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस पथ की कुल लंबाई 18.45 किलोमीटर है। इस पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य पूर्ण हो जाने से शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, नवादा एवं झारखंड राज्य से राजधानी पटना सहित उत्तर बिहार का आवागमन सुगम हो जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों ने 3912.00 लाख रुपये की लागत से बिहार-बख्तियारपुर पथ के चौड़ीकरण कार्य तथा 3361.27 लाख रुपये की लागत से ऐतवारी बाजार से उपरौरा मोड़ वाया समाहरणालय (नालंदा), अम्बेर मोड़, नई सराय, खंदकपर पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की प्रगति के संबंध में भी मुख्यमंत्री को जानकारी दी।

Share.
Exit mobile version