सीवान। आगामी छठ पर्व को लेकर रेलवे की ओर से सीवान जंक्शन पर की जा रही तैयारियों का बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के महानिरीक्षक सह प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- देवरिया में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 68 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ
निरीक्षण के दौरान महानिरीक्षक सह प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने सीवान जंक्शन के दोपहिया एवं चारपहिया वाहन स्टैंड, सर्कुलेटिंग एरिया, यूटीएस एवं पीआरएस काउंटर, वेटिंग एरिया सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली।
इस दौरान स्टेशन पर बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के सीवान जंक्शन पहुंचने की संभावना को देखते हुए होल्डिंग एरिया को महत्वपूर्ण व्यवस्था के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए उन्हें व्यवस्थित तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाना है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन के प्रवेश एवं निकास मार्ग, सर्कुलेटिंग एरिया तथा यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति को भी देखा। संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन को लेकर जानकारी ली गई। छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता में है।
पर्व के दौरान स्टेशन पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती, निगरानी और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने पर जोर दिया गया।



