सीवान। गैर संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार करने के उद्देश्य से जिले में “जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार” अभियान शुरू किया गया है।
यह भी पढ़े : सीएम ने की नगर विकास व पथ निर्माण विभाग की कार्ययोजनाओं की समीक्षा
बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वर्चुअल माध्यम से इस अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद सीवान समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की मौजूदगी में अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिले में यह अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।
इसके तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों की गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर, हृदय रोग तथा सांस एवं फेफड़े से संबंधित बीमारियों की पहचान पर विशेष जोर रहेगा। जिला पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जिला अस्पताल से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा समुदाय स्तर पर आशा कार्यकर्ता और एएनएम घर-घर तथा समुदाय में लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी। जांच के दौरान बीमारी के लक्षण या जोखिम पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को आवश्यकतानुसार आगे की जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
डीएम ने सभी प्रखंडों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान होने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को रोकने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में सीवान की सांसद विजय लक्ष्मी देवी, बड़हरिया विधायक इन्द्रदेव सिंह, सिविल सर्जन डॉ श्रीनिवास प्रसाद, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ ओपी लाल, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विशाल कुमार सिंह सहित चिकित्सक और पारा मेडिकल कर्मी मौजूद रहे।



