गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार काे प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त किया कि साइक्लोन के कारण असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई सरकार पैकेज लाकर करेगी। उन्होंने कहा कि हमने इसका मुआवजा तो दिया है, लेकिन मैं मानता हूं कि यह नाकाफी है। अन्नदाता किसान को जो नुकसान हुआ है, डबल इंजन की सरकार उसकी पूरी भरपाई करने का काम करेगी। सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि पूरा सर्वे कर लीजिए, तात्कालिक मुआवजा दीजिए। हम एक नया पैकेज अन्नदाता किसानों के लिए लाएंगे, जिसके माध्यम से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : पांच नवंबर को होगा मुंगराबादशाहपुर बाईपास का शिलान्यास, 197 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क
मुख्यमंत्री योगी रविवार को चौरीचौरा में 59.44 करोड़ रुपये से बने भोपा बाजार (समपार संख्या 147बी) रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन करने के साथ ही 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने अपनी सरकार में उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था। सपा सरकार अपराध बढ़ाती थी, जबकि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर किया। सपा सरकार लूटपाट करने को बदमाश पालती थी, जबकि भाजपा सरकार ने विकास के जरिये बदलाव करके दिखा दिया है। उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, प्रगति व संस्कृति की धरती बन गई है। अब यहां कर्फ्यू, उपद्रव या दंगा नहीं, उत्सव होता है। अखिलेश यादव के समय बाहरी लोग यूपी का नाम सुनकर सौ कोस दूर भागते थे। आज यूपी वालों की आवभगत व सम्मान किया जाता है।
सपा और भाजपा की सरकार में अंतर समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी। ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ दिया। माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम भी किया। अब किसी गरीब की जमीन पर कोई माफिया कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता। किसी बेटी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता, क्योंकि उसे मालूम है कि ऐसा करने पर अंजाम क्या होने वाला है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में नई पहचान के साथ बढ़ा भारत
सीएम योगी ने कहा कि आज गोरखपुर का विकास हो रहा है। उत्तर प्रदेश बदल चुका है और भारत दुनिया में नई पहचान के साथ आगे बढ़ा है। यह नया भारत है, जहां 140 करोड़ भारतवासी मोदी जी के नेतृत्व में गौरव की अनुभूति करते हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 वर्ष में 46 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठकर सामान्य जीवनयापन का अवसर मिला है। पीएम मोदी जी ने देश को गरीबी के कलंक से उबारने का काम किया है। गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आया है। उन्हें आवास मिल रहा है, घर में शौचालय बन रहे हैं, निशुल्क राशन सुविधा का लाभ मिल रहा है। पहली बार देश में 55 करोड़ लोगों को निशुल्क 5 लाख रुपये प्रतिवर्ष आयुष्मान भारत का लाभ प्राप्त हुआ है। जनधन अकाउंट में 55 करोड़ लोगों के खाते खोले गए। कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार में गरीब को 100 रुपये में मात्र 15 रुपये ही मिलते थे, जबकि जनधन खातों के जरिये अब गरीब को पूरे 100 रुपये मिलते हैं।
पंडित नेहरू ने नहीं की थी चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना में 172 देशभक्तों को अंग्रेजों ने फांसी की सजा दी थी। ये कांग्रेसी कहते हैं कि पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के बहुत बड़े अधिवक्ता थे। पर, सच्चाई यह है कि उस समय इन 172 किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों की पैरवी पंडित नेहरू ने नहीं की। तब पंडित मदन मोहन मालवीय पैरवी के लिए आगे आए। मालवीय जी ने 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से छुड़ाने में सफलता हासिल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज के रूप में ही होना चाहिए। उन्होंने ओवरब्रिज के लिए कमलेश पासवान, संगीता यादव, जयप्रकाश निषाद और सरवन निषाद के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
तरकुलहा देवी के उपासक बंधु सिंह ने अंग्रेज सरकार की चूलें हिलाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि डबल इंजन की सरकार ने मां तरकुलहा देवी के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि अवमुक्त कराई। जब हम तरकुलहा देवी की बात करते हैं तो बाबू बंधु सिंह का भी स्मरण करते हैं। बाबू बंधु सिंह ने 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर में अंग्रेजों की चूलें हिलाने का काम किया था। उन्हें गोरखपुर में फांसी की सजा दी गई थी। कहते हैं, जब उनको फांसी की सजा दी जा रही थी, बार-बार फांसी का फंदा टूटता था। अंत में बाबू बंधु सिंह ने स्वयं मां तरकुलहा का आह्वान किया, ‘माई अब देर मत कर, कई बंधु सिंह पैदा होंगे, अब मुझे अपनी गोदी में सुलाओ।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि बंधु सिंह के साथ तरकुलहा देवी का मंदिर अमर हो गया, श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। आज हर व्यक्ति तरकुलहा देवी के मंदिर में जाकर मां का भी आशीर्वाद लेता है और क्रांतिकारी शहीद बंधु सिंह का भी स्मरण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
पंडित मालवीय को भारत रत्न चौरीचौरा के क्रांतिकारियों का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के इतिहास को जानने वाला हर व्यक्ति चौरीचौरा को जानता है। चौरीचौरा की घटना का प्रभाव इतना ज्यादा था कि कांग्रेस का नेतृत्व भी हिल गया था। उसने आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन कुछ नहीं रुका। चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरोकारी करने वाले पंडित मदन मोहन मालवीय जी को भारत रत्न देकर सरकार ने उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। यह भारत रत्न चौरीचौरा के क्रांतिकारियों का भी सम्मान है।
चौरीचौरा को दीपावली और छठ का उपहार हैं विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे चौरीचौरा को दीपावली और छठ के उपलक्ष्य में उपहार स्वरूप हैं। पहले चरण में हम लोगों ने रेल ओवरब्रिज बनाया है, मार्ग दिया है। इस मार्ग को बनाने में जितना पैसा नहीं खर्च हुआ, उससे ज्यादा हमने मुआवजे में खर्च किया है। कारण यह कि यहां का आवागमन बंद नहीं होना चाहिए।
समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान , मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद , चौरीचौरा के विधायक सरवन निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, सुमन यादव, सनी जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के मंच पर मुख्यमंत्री योगी ने शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित भी किया। कृषि विभाग की योजना के लाभार्थी रामबचन, अशोक सिंह, राजमंगल, मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी, ऊषा देवी, जीरो पॉवर्टी की लाभार्थी गुंजा देवी, सुनीता देवी और औद्योगिक प्रगतिशील कृषक रामप्रीत, देवेंद्र प्रताप, रामबचन मौर्य व रामलला को सीएम योगी के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने इन प्रमुख परियोजनाओं का किया लोकार्पण
– भोपा बाजार में समपार संख्या 147बी पर रेल ओवरब्रिज निर्माण, लागत 59.44 करोड़ रुपये।
– जगदीशपुर, सरैया ब्लॉक होते हुए देवरिया फोरलेन मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण, लागत 24.84 करोड़ रुपये।
– चौरीचौरा अग्निशमन केंद्र के आवासीय/अनावासीय भवनों का निर्माण, लागत 12.80 करोड़ रुपये।
– गोर्रा नदी के दाएं तट पर स्थित इटौवा तटबंध के किमी शून्य से किमी 10.10 के मध्य तटबंध के पुर्नस्थापना का कार्य, लागत 4.58 करोड़ रुपये।
– गोर्रा नदी के बाएं किनारे पर स्थित नेकवार बोहावार तटबंध के किमी शून्य से किमी 7.445 तक पुर्नस्थापना का कार्य, लागत 3.55 करोड़ रुपये और कई अन्य परियाेजनाएं
इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
– चौरीचौरा गौनर मार्ग से विशुनपुर उसरहवा विशम्भरपुर रामपुर बुजुर्ग मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 21.53 करोड़ रुपये।
– सोनबरसा से फुटहवा इनार के किमी 6 (सरैया) से निकलकर बिलारी, वायसी नाला, फुलवरिया, छबैला, बघाड, मोहम्मदपुर होते हुए सोनबरसा बाबू तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 20.52 करोड़ रुपये।
– भोपाबाजार आरओबी से शहीद स्मारक स्थल, अशोक आयरन एंड स्टील सेलिंग मिल होते हुए चौरीचौरा गौनर मार्ग तक पहुंच मार्ग का निर्माण, लागत 20.56 करोड़ रुपये। व अन्य कई परियाेजनाएं





