पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने नागरिकों को पुलिस सेवाओं और जरूरी जानकारियों की आसान पहुंच उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को ‘जोहार पुलिस’ (जमशेदपुर ऑनलाइन हेल्प एंड असिस्टेंस फॉर रेसिडेंट्स) चैटबॉट लॉन्च किया। व्हाट्सऐप आधारित इस सुविधा के जरिए नागरिक मोबाइल फोन से विभिन्न पुलिस सेवाओं की जानकारी लेने के साथ आवेदन और शिकायतों की स्थिति भी जान सकेंगे। इससे सामान्य कार्यों के लिए पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।
यह भी पढ़े : झारखंड में 13 सितंबर तक गरज के साथ बारिश के आसार, नौ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिव ने बताया कि चैटबॉट का इस्तेमाल बेहद आसान है। नागरिक अपने व्हाट्सऐप से 9471167577 नंबर पर केवल ‘हाय’ लिखकर भेजकर इससे जुड़ सकते हैं। पुलिस की ओर से जारी क्यूआर कोड स्कैन कर भी चैटबॉट का उपयोग किया जा सकता है।
चैटबॉट के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन से संबंधित सहायता और जानकारी, साइबर अपराध की शिकायत तथा यातायात, चालान, पासपोर्ट सत्यापन, आचरण प्रमाण पत्र और चरित्र सत्यापन से जुड़ी सेवाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
इसके अलावा विभिन्न पुलिस सत्यापनों की स्थिति और पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन या शिकायत की प्रगति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी। नागरिक अपने क्षेत्र के नजदीकी पुलिस स्टेशन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। महिलाओं की सुरक्षा और ईव-टीजिंग से जुड़े मामलों में शिकायत या सूचना देने की सुविधा भी इसमें उपलब्ध कराई गई है।
वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित सहायता के साथ पुलिस को शिकायत, सुझाव और फीडबैक देने की सुविधा भी चैटबॉट में जोड़ी गई है। पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य नागरिकों और पुलिस के बीच संवाद को अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनाना है।
जिला पुलिस ने लोगों से ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।



