नोएडा। नोएडा के थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस और स्वाट टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई के तहत मंगलवार काे भारतीय करेंसी के नकली नोट छापने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए इनके पास से 100 -100 रूपए कीमत के कुल 2,549 जाली नोट बरामद किया है। इनके पास से पुलिस ने नकली नोट छापने में प्रयुक्त होने वाला एक प्रिंटर, कटिंग मशीन तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार बरामद किया है।
यह भी पढ़े : योगी सरकार गोरखपुर को बनाएगी नीली क्रांति का नया केंद्र
अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस और स्वाट टीम ने एक सूचना के आधार पर मंगलवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सिरसा गोल चक्कर के पास से स्कॉर्पियो कार में सवार बंटी अत्री पुत्र रामपाल सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी जनपद अलीगढ़, खुशदिल पुत्र तेजवीर निवासी चंडौस जनपद अलीगढ़ उम्र 21 वर्ष, उपेंद्र कुमार पुत्र योगेंद्र सिंह निवासी चंडौस जनपद अलीगढ़ उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने 2,54,900 रूपए के 100-100 के नकली नाेट बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि जाली नोट छापने में प्रयोग होने वाला एक प्रिंटर, एक कटिंग मशीन, एक स्कॉर्पियो कार तथा चार मोबाइल फोन इनके पास से बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी नकली नोट छापने के बाद उसके ऊपर केनरा बैंक की सील लगाकर लोगों को सप्लाई करते थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से खुफिया एजेंसी के अधिकारी भी पूछताछ कर रहे हैं।


