पलामू। बंगाल की खाड़ी और उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव के असर से झारखंड में मानसून फिर सक्रिय है। इस सिस्टम के प्रभाव से पलामू जिले में रविवार से लगातार बारिश हो रही है। जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़े : जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते सहित अन्य आरोपितों की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी, आदेश सुरक्षित
बुधवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गर्जन, आकाशीय बिजली के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और बारिश से बचने के लिए सावधान रहने की सलाह दी है।
इधर बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदी सोन, कोयल और अमानत के साथ-साथ अन्य छोटी बड़ी नदियां उफान पर है।
इन नदियों के तटवर्ती इलाकों के ग्रामीणों को माइकिंग कर प्रशासन अलर्ट कर रहा है। अनावश्यक नदी, तालाब एवं जलस्त्रोत के किनारे नहीं जाने और प्रशासनिक गाइडलाइन को मानने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले 72 घंटे के दौरान मंगलवार शाम 5:00 तक पलामू जिले में 200 मिली मीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।



