बाराबंकी। जनपद में लगातार हुई बारिश के बाद सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में कटान का खतरा बढ़ गया है। रविवार काे अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह ने रामनगर तहसील के हेतमापुर गांव पहुंचकर नदी के बढ़े जलस्तर और कटान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
यह भी पढ़ें- रांची सिविल कोर्ट की मासिक लोक अदालत में 2809 मामलों का निस्तारण
उन्हाेंने बाढ़ खंड के अधिकारियों को तत्काल कटानरोधी कार्य शुरू कराने और संवेदनशील स्थानों पर युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी के जलस्तर और कटान की लगातार निगरानी की जाए। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और श्रमशक्ति लगाकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने एसडीएम रामनगर आकांक्षा गुप्ता को प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक राहत और अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए भोजन समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर पूरी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।उन्हाेंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कटानरोधी और राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीओ जगतराम कनौजिया, अधिशासी अभियंता बाढ़ शशिकांत सिंह, तहसीलदार रामनगर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


