सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक पर कीर्तन-भजन कर रहे लोगों को तेज रफ्तार कार द्वारा रौंदे जाने की दर्दनाक घटना के बाद बुधवार दोपहर राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता बैद्यनाथ मेहता घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस हादसे को अत्यंत हृदय विदारक बताया। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बैद्यनाथ मेहता ने कहा कि श्रद्धालु सड़क से काफी दूर बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से कीर्तन-भजन कर रहे थे।
इसी दौरान एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर दूर स्थित एक मकान में जा घुसा।
नशे के प्रभाव में हादसे की आशंका, तस्करी पर रोक की मांग हादसे के कारणों पर बात करते हुए उन्होंने चालक के नशे में होने की प्रबल आशंका जताई।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इलाके में शराबबंदी के बावजूद सूखा नशा और अन्य मादक पदार्थों का चलन तेजी से बढ़ा है। नेपाल सीमा से सटे इलाकों में सूखे नशे और शराब की अवैध तस्करी पर सरकार व प्रशासन को बिना किसी ढिलाई के ठोस व प्रभावी कदम उठाने चाहिए। आरजेडी नेता ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले तीन-चार वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं के चलते सैकड़ों लोगों की अकाल मृत्यु हो चुकी है।
तेज रफ्तार वाहनों और नशे पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने की स्थिति में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाना संभव नहीं होगा। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि या तो पूर्ण शराबबंदी को जमीनी स्तर पर पूरी सख्ती से लागू किया जाए या फिर इस पूरी नीति पर गंभीरता से पुनर्विचार किया जाए।



