बक्सर। जिला प्रशासन एवं जिला नियोजनालय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को नगर भवन, बक्सर में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन बिहार विधानसभा के सदस्य आनंद मिश्रा, श्रम अधीक्षक एवं जिला नियोजन पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
यह भी पढ़े : सभी हितधारकों के सुझाव बिहार भवन उपविधि-2026 को अधिक प्रभावी बनायेगी : उपमुख्यमंत्री
मेले में निजी क्षेत्र की 22 कंपनियों ने स्टॉल लगाकर 1000 से अधिक रिक्तियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। कुल 742 बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें कंपनियों ने प्रथम स्तर पर 387 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया। एसआईएस सहित अन्य कंपनियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए। राजकीय आईटीआई के स्टॉल के माध्यम से 21 युवाओं को व्यवसायिक मार्गदर्शन दिया गया।
स्थानीय युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बक्सर के दो स्टार्टअप को भी अपने उत्पाद एवं गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल उपलब्ध कराया गया।
मुख्य अतिथि आनंद मिश्रा ने युवाओं से नियोजन मेलों में अधिक से अधिक भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि करियर की शुरुआत में कार्य-कुशलता और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर तलाशने चाहिए।


