जयपुर: राजस्थान के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे चाय-नाश्ता बनाते समय गैस सिलेंडर से पाइप के अचानक निकलने से लगी आग में एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। मरने वालों में माता-पिता और तीन बच्चे हैं। ये लोग बिहार के मधुबनी के रहने वाले थे। परिवार यहां किराये के घर में रहता था। पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है।
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त अमित कुमार ने पत्रकारों को बताया कि घटना विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के जैसल्या गांव की है। जहां सुबह करीब साढ़े 07 बजे चाय-नाश्ता बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर से पाइप निकल जाने से लगी आग में राजेश (26), उसकी पत्नी रूबी (24), ईशु (7), दिलखुश (2) और खुशमानी (4) की मौत हो गई। यह परिवार बिहार के मधुबनी का था और यहां किराए पर रहता था। राजेश एक फैक्टरी में काम करता था। परिवार करीब 4-5 महीने से यहां रह रहा था। कुछ दिन छुट्टी पर बिहार गए हुए थे। कल शाम को ही वापस आए थे। आज सुबह हादसा हो गया। थानाधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आ रहा है कि गुरुवार सुबह जब बच्चों की मां रूबी चाय-नाश्ता बना रही थी तो इस दौरान गैस के पाइप से तेजी से गैस लीक होने के बाद पूरे कमरे में आग लग गई। दमकल ने जब आग पर काबू पाया तब जाकर पुलिस और गांव के लोग अंदर गए और पता चला कि पूरा का पूरा परिवार ही जिंदा जल गया। पांचों के शवों को एक चादर में लपेट कर पुलिस ने एंबुलेंस में रखवाया। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।