गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता र्दशन में आए फरियादियों से लोगों से आत्मीयता से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आप घबराइए नहीं, हर समस्या का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। हर पीड़ित की शिकायत का प्रभावी निस्तारण होगा। वह बुधवार की सुबह गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान प्रदेश भर से आए फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी निस्तारण कराएं।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत अयोध्या मण्डल में 1,74,992 बेटियों को मिला लाभ
गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका समाधान करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में महिलाओं की संख्या अधिक रही। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे। एक-एक कर और इत्मीनान से सबकी समस्याएं सुनीं। उन्हें आश्वस्त किया कि वह सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे। किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रार्थना पत्रों को उन्होंने अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए। कुछ लोगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत पर उन्होंने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अफसरों को यह निर्देश भी दिए कि यदि किसी प्रकरण में पीड़ित को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा है तो इसकी भी जांच कर जवाबदेही तय की जाए।
जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं होगी। अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज में अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त राशि दी जाएगी। उन्होंने जनता दर्शन में परिजनों के साथ बच्चों पर खूब प्यार-दुलार बरसाया। बच्चों से बात कीं और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली । साथ ही चॉकलेट गिफ्ट करते हुए आशीर्वाद भी दिया।