मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मथुरा और वृंदावन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। हर ब्रजवासी अजन्में के जन्म काे लेकर ललायित नजर आ रहे हैं। भीषण गर्मी के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डिगी। तपती धूप में लोग कन्हैया के दर्शन के लिए जन्मभूमि में जुटे रहे। कोई गुजरात कोई हिमाचल तो कोई मध्य प्रदेश से कन्हैया के दर्शन के लिए पहुंचा। इस बीच ठाकुरजी के चरणों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने शनिवार की दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्मस्थान पर पहुंच गए। उन्होंने बड़े ही भक्ति भाव से केशवदेव, योगमाया, गर्भगृह और युगल सरकार श्रीराधा कृष्ण के दर्शन एवं पूजा अर्चना की। उन्होंने सभी ब्रजवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि बांटने वाली शक्तियों से आप सभी को सावधान रहना होगा। सनातन का ध्वज दुनिया का मार्गदर्शन करता रहेगा।
यह भी पढ़े : भगवान बिरसा मुंडा के बाद आदिवासियों को दिशोम गुरु के रूप में हुई बड़ी क्षति : राजनाथ सिंह
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा पहुंचे। वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कान्हा के दर्शन किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकाप्टर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां से वे जन्मस्थान पहुंचे। जन्मस्थान पर उन्होंने सभी को कृष्ण जन्मोत्सव की बधाई दी। याेगी ने भारत माता की जय का नारा लगाया और राधे राधे का नाम लिया। जन्मस्थान पर मुख्यमंत्री योगी ने गर्भ गृह में ठाकुरजी के दर्शन किए। इसके बाद योगमाया, केशव देव महाराज का पूजन किया। भागवत भवन युगल सरकार के दर्शन किए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आज पावन जन्माष्टमी का शुभ आयोजन है। मैं इस अवसर पर देश और दुनिया के अंदर जहां कहीं भी सनातन धर्मावलंबी निवास करते हैं और हमारे कान्हा के प्रति श्रद्धा का भाव रखते हैं, उन सबको मैं आज के पावन तिथि की बधाई देता हूं। हमारी सरकार ने तय किया कि हम लोग मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, गोवर्धन और राधा कुंड को तीर्थ के रूप में उसकी पौराणिक मान्यता को फिर से बहाल करेंगे।“ इस दौरान जन्मस्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर आए। योगी द्वारा यहां विधि विधान से ठाकुर जी का पूजना किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साथ ही मथुरा और सनातन के विकास का संकल्प दोहराया।