भागलपुर। सहायता राशि नहीं मिलने से नाराज बाढ़ पीड़ितों के सब्र का बाँध टूट गया और बाढ़ पीड़ितों ने भागलपुर सुल्तानगंज मुख्य मार्ग के दोगच्छी मोड़ के समीप बुधवार को बांस और बल्ला लगाकर करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
यह भी पढ़े : पितृपक्ष मेले की तैयारियों का निरीक्षण करने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे गया
बाढ़ पीड़ितों ने नाथनगर अंचल अधिकारी रजनीश कुमार और नाजीर पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। बाढ़ पीड़ितों का कहना था कि सरकार के द्वारा हम पीड़ितों को राहत के रूप में जीआर की राशि भेज दी गई है लेकिन नाथनगर आंचल प्रशासन के द्वारा हम लोगों को मुहैया नहीं करवाया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि बाढ़ आने के बाद हम लोगों को काफी जद्दोजहद करना पड़ा। वहीं सरकार के द्वारा भेजी गई जीआर राशि कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक हमलोगों तक नहीं पहुंची है। नाथनगर अंचल के चक्कर काट काट कर हम लोग थक गए हैं। वहीं बाढ़ पीड़ितों को समझाने पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी पीड़ितों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
सड़क मार्ग जाम होने की सूचना पर नाथनगर थाना इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने दलबल के साथ अंचल अधिकारी नाथनगर रजनीश कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों को समझा बुझा कर शांत कराते हुए सड़क मार्ग से जाम हटवाया।