भागलपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को सन्हौला प्रखंड के धुआबै गांव पहुंचे जहां मुख्यमंत्री ने जिले को 301 करोड़ रुपये के विकास योजनाओं की सौगात दी।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, महिलाओं के सशक्तिकरण की ओर ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री के आगमन से गांव में उत्साह का माहौल था। ग्रामीण बड़ी संख्या में इस ऐतिहासिक मौके को देखने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सड़क, जल आपूर्ति, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि विकास जैसी विभिन्न परियोजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांवों को शहर से जोड़ने के लिए नई सड़कें बनेंगी और जर्जर सड़कों की मरम्मत की जाएगी। घर-घर शुद्ध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और खेतों में सिंचाई की सुविधा बढ़ाई जाएगी।
ग्रामीण इलाकों में बिजली कनेक्शन बढ़ेंगे, पुराने तार और पोल सुधारे जाएंगे और नए सब-स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। साथ ही स्कूल भवनों का नवीनीकरण होगा, स्मार्ट क्लास की सुविधा दी जाएगी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा। किसानों को उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे और स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि दशकों से जिस सड़क और पानी की सुविधा का इंतजार था अब वह सपना पूरा होने जा रहा है। युवाओं ने शिक्षा और रोजगार की योजनाओं के लिए अपनी खुशी जताई।
मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि विकास उनकी प्राथमिकता है और किसी भी गांव को अब वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में भागलपुर जिला बिहार के सबसे विकसित जिलों में शामिल होगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार हर कदम पर जनता के साथ है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान मुख्यमंत्री धुआबै गांव में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय सदानंद सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस महत्वपूर्ण मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे। जदयू नेता एवं स्व. सदानंद सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश ने कहा कि यह पूरे कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके पिता की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि आज़ादी के बाद अब तक उनके गांव में किसी मुख्यमंत्री का दौरा नहीं हुआ था।
इस अवसर पर स्थानीय लोग और राजनीतिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया और इस कार्यक्रम को यादगार बनाने में योगदान दिया। शुभानंद मुकेश ने कहा कि यह कदम उनके पिता की जनता के प्रति सेवाभाव और योगदान को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं की भी उपस्थिति रही जिन्होंने अपने उत्साह और सम्मान से इस कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर ग्रामीणों और उपस्थित लोगों से संवाद किया और उनके विकास तथा कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
इस दौरान हाल ही में जिन विभागों के कर्मियों का मानदेय बढ़ाया गया है उनमें आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के साथ-साथ शारीरिक शिक्षकों ने भी मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मानदेय वृद्धि से सभी कर्मियों ने अपनी खुशी जताई और कहा कि अब उन्हें आर्थिक सहारा मिला है। वहीं मैट्रिक और इंटर पास करने वाली छात्राओं ने भी प्रोत्साहन राशि मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। छात्राओं ने कहा कि इस मदद से अब उन्हें आगे की पढ़ाई करने में आसानी होगी। पूरा कार्यक्रम आभार और धन्यवाद के माहौल में संपन्न हुआ। जहाँ सेविकाओं, सहायिकाओं, शिक्षकों और छात्राओं ने एक सुर में मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।