पटना। बिहार विधानसभा चुनाव- 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर प्रभारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 1, अणे मार्ग पर हुई इस ‘शिष्टाचार भेंट’ में प्रधान के साथ उनकी पार्टी के सहयोगी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले में 1,585 करोड़ रुपये की 185 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
इस अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा भी मौजूद थे, जो मुख्यमंत्री नीतीश के सबसे करीबी सहयोगी में से एक हैं और पार्टी के प्रमुख भी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस मुलाकात में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सीट में बंटवारे को लेकर गंभीर चर्चा हुई। हालांकि, इसकी अभी तक कोई अधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। राजग में भाजपा, जदयू, हम, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा और चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (आर) शामिल है। इन दलों की अपनी-अपनी सीटों को लेकर इच्छाएं पहले से ही सामने आ चुकी हैं, लेकिन अभी तक किसी भी फॉर्मूले की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र प्रधान को इस सप्ताह की शुरुआत में भी भाजपा ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। बीते शुक्रवार से ही वे पटना में है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पटना में आयोजित पार्टी नेताओं की एक बैठक में भाग लिया था। शनिवार को, प्रधान ने दीघा विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रचार किया। यह क्षेत्र राज्य की राजधानी पटना में आता है और राज्य के 243 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे बड़ा माना जाता है।