पटना। बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। दो दिन के दौरे पर पटना पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को राजग के तीन घटक दलों के नेताओं से मुलाकात की।
यह भी पढ़े : मुख्य चुनाव आयुक्त ने उत्कृष्ट कार्य के लिए सारण जिले के 10 बीएलओ को भी किया सम्मानित
धर्मेंद्र प्रधान ने सबसे पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के घर मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ बिहार प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद रहे। फिर राजग के घटक दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी से मिलने उनके आवास गए। जहां करीब आधे घंटे तक बैठक चली। इस बैठक में राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल साथ रहे। दो बैठकों के बाद तीसरी बैठक राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के साथ उनके आवास पर हुई, जो करीब आधे घंटे तक चली।
धर्मेंद्र प्रधान ने इस बैठक के दौरान राजग के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर चर्चा की। जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने धर्मेंद्र प्रधान के साथ बैठक को शिष्टाचार मुलाकात बताया। सीट बंटवारे के सवाल पर उन्होने कहा कि राजग के सभी घटक दल साथ बैठकर इस पर चर्चा करेंगे। वहीं, हम के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा सीट बंटवारे पर चर्चा हुई है। जल्द सीट को लेकर समझौते हो जाएगी। राजग में सबकुछ ठीक ठाक हैै।
उल्लेखनीय है कि 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू 115 सीटों पर लड़कर 43 पर जीत हासिल कर पाई थी। भाजपा 110 सीटों पर लड़ी थी, और 74 पर उसे जीत मिली थी। इस बार राजग में चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के दल भी हैं।