पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह कदम अत्यंत आवश्यक है।
यह भी पढ़े : ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से निकला डेढ किलो बालो का गुच्छा
उपमुख्यमंत्री ने यह बातें पटना में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। बैठक में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत तथा परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेट्रोल पंपों, ढाबों और रेस्टोरेंट्स सहित प्रमुख स्थानों पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट लगाए जाएं, ताकि आम लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग में सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि निजी निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा। चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन पारंपरिक पेट्रोल और डीजल वाहनों की तुलना में अधिक किफायती होते हैं और इनके रखरखाव की लागत भी कम होती है। साथ ही, ये पर्यावरण के अनुकूल हैं, जिससे वायु प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने में भी सहायक सिद्ध होगी।




