पटना। नए साल के पहले हफ्ते में भ्रष्टाचार के खिलाफ ईडी, निगरानी व अन्य जांच एजेंसियों की ताबड़तोड़ कार्रवाई का भाजपा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने स्वागत किया है। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार समाज और विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा है। इसके समूल विनाश के लिए कठोर कदम जरूरी है। एनडीए सरकार और जांच एजेंसियों की यह पहल भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
यह भी पढ़े : सीमा और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर अब कैंपस में जागरण अभियान चलाएगी अभाविप : याज्ञवल्क्य
डॉ. चौरसिया ने कहा कि लगातार छापेमारी और संपत्ति की जब्ती से भ्रष्ट अधिकारियों में खौफ पैदा होगा, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। ईमानदार अधिकारियों को डरने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसी कार्रवाई से उन्हें प्रोत्साहन मिलेगा। डॉ. चौरसिया ने उम्मीद जताई कि नए साल में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में तेजी से आम जनता को न्याय मिलेगा और सुशासन की दिशा में राज्य और आगे बढ़ेगा।


