पलामू। ईद की खुशियों के बीच एक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरिफ की शनिवार रात काशी सोत डैम में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक ईद की नमाज़ अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित काशी सोत डैम घूमने गया था।
यह भी पढ़े : पूर्व विधायक स्व. सतीश कुमार के श्राद्धकर्म में शामिल हुये मुख्यमंत्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डैम के समीप अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों से बचने के प्रयास में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान आरिफ बचने के लिए घबराहट में डैम में कूद गया। पानी गहरा होने के कारण वह डूब गया।
घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पानी से बाहर निकाला और तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।




