पलामू। पांकी विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से उनके रांची स्थित आवास पर मुलाकात की।
यह भी पढ़े : सीबीआई जांच में घिरे रांची रेलवे के ‘बड़े साहब’
इस दौरान विधायक ने जिला अभियंता, जिला परिषद, पलामू और सिविल सर्जन पलामू की मिलीभगत से पांकी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे पलामू जिले के विभिन्न पंचायतों में वर्षों से एवं करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन भवनों के रहते हुए, पुनः उसी स्थान पर नये स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण कराने के लिए टेंडर निकाले जाने पर मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।
विधायक ने कहा कि एक ही स्थान पर पहले से दो-दो भवन रहते हुए कुछ विशेष लोगों को लाभ पहुंचाने की दृष्टि फिर से उसी जगह पर नये भवन का टेंडर निकालना, जनता के विकास राशि की लूट अत्यंत गंभीर मामला है। विधायक ने दोषी जिला अभियंता, कनीय अभियंता और सिविल सर्जन पर कार्रवाई करने की मांग की।
स्वास्थ्य मंत्री ने विधायक डॉ मेहता की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि विभाग जल्द ही पांकी विधानसभा सहित पूरे पलामू जिला में स्वास्थ्य विभाग के भवन निर्माण कराने के मामले में उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी अभियंताओं और पदाधिकारियों पर कठोर कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर जनता के विकास राशि का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




