PATNA : सनातनी गंगा फाउंडेशन एवं क्रीड़ा कला भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “श्री श्री अखंड गंगा ज्योति यात्रा” का शुभारंभ 8 मार्च 2026 को गंगोत्री धाम से हुआ, जो गंगासागर की ओर निरंतर अग्रसर है। यह आध्यात्मिक एवं जनजागरण यात्रा माँ गंगा के प्रति आस्था, पर्यावरण संरक्षण और खेल संस्कृति को एक साथ जोड़ते हुए समाज को प्रेरित कर रही है।
इस यात्रा में माँ गंगा की चरण पादुका एवं अखंड ज्योति के साथ बच्चे मैराथन और रोलर स्केटिंग करते हुए गंगोत्री से गंगासागर तक जनसंदेश पहुँचा रहे हैं।
गंगोत्री से प्रारंभ हुई यह यात्रा उत्तरकाशी, कमांद, ऋषिकेश, हरिद्वार, शुक्रताल, किला परीक्षितगढ़, गढ़मुक्तेश्वर, गुन्नौर, कछला, कंपिल, गुरसहायगंज, बिठूर, डलमऊ, प्रयागराज, विंध्याचल, वाराणसी, गाजीपुर और गहमर होते हुए बिहार के बक्सर और आरा पहुंची। इसके पश्चात आज यह यात्रा पटना पहुंची, जहां दीघा के विधायक डॉ. संजीव चौरसिया एवं पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद जी सहित स्थानीय नागरिकों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर बिहार रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के संयुक्त सचिव श्री प्रत्यूष जी भी अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रहे।
वाराणसी के राजेश डोगरा रोलर स्केटिंग स्कूल के स्केटर्स इस यात्रा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व कीर्तिमानधारी कलाकार एवं सनातनी गंगा फाउंडेशन की ब्रांड एंबेसडर श्रीमती सोनी चौरसिया कर रही हैं। वे स्वयं रोलर स्केट्स पर विवेक डोगरा, जानवी वेदांती एवं कार्तिक चौरसिया के साथ यात्रा का संचालन कर रही हैं।
संस्था के संस्थापक प्रवीण जी के मार्गदर्शन में यह अभियान पिछले पाँच वर्षों से “सेव वाटर, सेव रिवर, सेव एनवायरनमेंट” का संदेश जन-जन तक पहुँचा रहा है।
पटना में मैराथन एवं स्केटिंग का समापन किया जाएगा, जबकि गंगा ज्योति एवं माँ गंगा की चरण पादुका वाहनों के माध्यम से भागलपुर और कोलकाता होते हुए 3 अप्रैल 2026 को गंगासागर पहुँचकर यात्रा का समापन करेंगी।


