पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खंडखोरी गांव में डायन होने के शक में 47 वर्षीय महिला शुरू गोप की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपित पुडुवा सिंकू उर्फ चौके को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है।
यह भी पढ़े : सरकारी अस्पतालों में दो मौतों पर विधायक ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
पुलिस के अनुसार, रविवार रात शुरू गोप अपने घर में छोटे बच्चों के साथ थीं। उनके पति देवेंद्र गोप और परिवार के अन्य सदस्य ओडिशा के गेरेया मंजर गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान गांव निवासी पुडुवा सिंकू उर्फ चौके उनके घर पहुंचा। मृतका के बच्चों ने पुलिस को बताया कि आरोपित हड़िया पिलाने के बहाने उनकी मां को अपने साथ ले गया था।
बच्चों के अनुसार, कुछ समय बाद उन्हें अपनी मां की चीख सुनाई दी, लेकिन डर के कारण वे घर के अंदर ही बंद होकर छिपे रहे। रात में जब परिवार के अन्य सदस्य लौटे तो शुरू गोप घर पर नहीं मिलीं। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह मृतका का बेटा जंगल की ओर दातुन तोड़ने गया था। इसी दौरान उसकी नजर अपनी मां के शव पर पड़ी। शव देखकर उसने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संदेह के आधार पर पुडुवा सिंकू उर्फ चौके को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि आरोपित लंबे समय से शुरू गोप पर डायन होने का आरोप लगाता था। उसका मानना था कि उसके बच्चों की बीमारी के पीछे महिला का हाथ है। इसी अंधविश्वास के कारण वह पहले भी महिला को लेकर आरोप-प्रत्यारोप करता रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी शक के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
कुमारडुंगी थाना प्रभारी विनोद पासवान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना अंधविश्वास और डायन-बिसाही से जुड़ी प्रतीत हो रही है, लेकिन सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।




