kodarma : जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी के सतपुलिया के पास रविवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। टैंकर और हाईवा की टक्कर में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक की पहचान बिहार के छपरा जिले निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र यादव, पिता जयप्रकाश यादव के रूप में हुई है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र यादव बोकारो से कच्चा तेल लेकर टैंकर द्वारा नेपाल जा रहे थे। सतपुलिया के पास ढलान पर एक खाली हाईवा ने टैंकर को ओवरटेक कर अचानक सामने आकर धीमी गति कर ली। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे से आ रहा तेल टैंकर हाईवा से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक धर्मेंद्र यादव केबिन में फंस गए।
पुलिस और सड़क सुरक्षा कर्मी ने बचाई जान
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस और सड़क सुरक्षा कर्मी सागर कुमार गिरी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद सागर कुमार गिरी ने घायल को निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद कोडरमा घाटी में लंबा जाम लग गया। कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टैंकर को सड़क किनारे हटवाया और यातायात को बहाल किया।
लगातार हो रही दुर्घटनाएं, बोर्ड लगाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोडरमा घाटी में आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाग्रस्त स्थानों को चिन्हित कर वहां ट्रैफिक नियमों और चेतावनी संबंधी साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।




