लातेहार। एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने बालूमाथ थाना क्षेत्र के मकईयाटांड़ के पास छापामारी अभियान चलाकर पीएलएफआई के दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े : सरकार बढ़ाएगी जमीन रजिस्ट्री फीस, 01 अगस्त से होगा लागू
गिरफ्तार नक्सलियों में संजय सिंह और मोहम्मद शहजाद शामिल हैं। दोनों लोहरदगा के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस सहित चोरी की एक बाइक बरामद की है।
जानकारी देते हुए डीएसपी उमेश कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई के उग्रवादी चंदवा की ओर से बाइक से बालूमाथ आ रहे हैं और किसी हिंसक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के बाद पुलिस की विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने बालूमाथ थाना क्षेत्र के मकइयाटांड़ पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान चंदवा की ओर से आ रहे बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा गोलियां और चोरी की बाइक बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने खुद को पीएलएफआई का सदस्य बताते हुए स्वीकार किया कि संगठन के कमांडर बादल के निर्देश पर वे बालूमाथ और बरियातू क्षेत्र में दहशत फैलाने और लेवी वसूली के उद्देश्य से हिंसक घटना को अंजाम देने आए थे।
डीएसपी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ की जा रही है। उनके नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



