नालंदा। बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तत्वावधान में सोमवार बिहारशरीफ डेयरी प्रोजेक्ट, नालंदा परिसर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नालंदा जिले में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाले दही एवं लस्सी प्लांट का शिलान्यास किया।
यह भी पढ़े : रांची में सात वार्डों में चला डेंगू सर्विलांस अभियान, कई घरों और बर्तनों में मिले लार्वा
कार्यक्रम के दौरान कॉम्फेड द्वारा संचालित एच.पी.सी.एल. पेट्रोल पंप एवं सुधा कैफेटेरिया का भी शिलान्यास किया गया। साथ ही पशु उठाव एवं परिवहन वाहन का लोकार्पण तथा जिले के 300 खुदरा विक्रेताओं के बीच डीप फ्रीजर का वितरण भी किया गया,जिससे दुग्ध उत्पादों के सुरक्षित भंडारण एवं विपणन को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं विजेन्द्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। वही ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार की गरिमामयी उपस्थिति थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार, नन्द किशोर राम ने किया।इस अवसर पर जिले के सांसद, बिहार विधान परिषद एवं विधानसभा सदस्यगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान एवं सहकारी समितियों के सदस्य उपस्थित थे।
यह परियोजना नालंदा जिले में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, दुग्ध उत्पादों के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं डेयरी क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।



