स्वदेश संवाददाता
बड़कागांव। बड़कागांव 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में बड़कागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और हथियार बरामदगी के दौरान संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों पर गोलीबारी की घटना हुई थी। इस संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान संदिग्ध अंकित कुमार पांडेय, पिता अरुण कुमार पांडेय, ग्राम पिपराडीह, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग को आवश्यक पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की। पुलिस का दावा है कि मोबाइल के टेलीग्राम एप में गैंगस्टर प्रिंस खान एवं उसके गिरोह K.S.S. से जुड़े सदस्यों के साथ चैट मिली। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने 25 जुलाई की रात अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर गोलीबारी करने तथा प्रिंस खान (K.S.S.) संगठन के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़ने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार और बम पिपराडीह गांव के समीप स्थित बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर हथियार और विस्फोटक बरामद करने के लिए उक्त स्थान पर पहुंची।पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान आरोपी ने अचानक एक जवान को धक्का दिया और बरामद पिस्तौल से पुलिस बल की ओर फायर कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़कागांव ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
हथियार व धमकी भरे पर्चे बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिसफायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देशी बम तथा चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं। पुलिस मामले में आरोपी के अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.





