स्वदेश संवाददाता
हजारीबाग। जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच हजारीबाग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों समेत राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी बम, एक देशी पिस्टल, जिंदा गोली, खोखा, मिस फायर गोली, पांच मोबाइल फोन और चार पर्चे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का संबंध रंगदारी वसूली और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए हथियार-बम उपलब्ध कराने से है।पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी ने बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। मोबाइल की जांच के दौरान उसके प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों से कॉल और चैट के माध्यम से संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि प्रिंस खान के निर्देश पर बड़कागांव थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट रोड में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था और गिरोह के नाम से पर्चा छोड़ने का काम भी किया गया था।अंकित की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सक्रिय सदस्यों—ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल, निवासी शिवाडीह, बड़कागांव तथा कुणाल कुमार पांडेय, निवासी पतरातू, रामगढ़—को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पिपराडीह गांव के समीप बंद पड़े गैस प्लांट के पास हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखने की जानकारी दी।बरामदगी के दौरान अंकित कुमार पांडेय ने पुलिस से बचकर भागने का प्रयास किया और पुलिस बल की ओर फायरिंग भी की। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। घटनास्थल से हथियार, बम और पर्चा बरामद किया गया। इस मामले में बड़कागांव थाना कांड संख्या 141/26, दिनांक 8 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है।गिद्दी थाना क्षेत्र से भी गिरफ्तारी संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान गिद्दी थाना क्षेत्र में भी पुलिस को सफलता मिली। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि कर्मा कुमार साहू सोशल मीडिया एप के माध्यम से राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के संपर्क में रहकर हथियार और बम की आपूर्ति करता है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि गिरोह के लिए व्यापारियों, ठेकेदारों, कोयला कारोबारियों और कोयला कंपनियों को हथियार व बम से धमकाकर भय का माहौल पैदा करने तथा लेवी और रंगदारी वसूलने में सहयोग किया जाता था।कर्मा कुमार साहू की निशानदेही पर 8 अगस्त को साधु कुटिया जंगल में छिपाकर रखे गए दो देशी बम और एक देशी पिस्टल का मैगजीन बरामद किया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में गिद्दी थाना कांड संख्या 22/26 दर्ज किया गया है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार पांडेय, ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल, कुणाल कुमार पांडेय और कर्मा कुमार साहू के रूप में की है। पुलिस के अनुसार कर्मा कुमार साहू का पूर्व में भी पिठोरिया थाना कांड संख्या 34/16 में धारा 387 भादवि तथा पतरातू थाना कांड संख्या 25/21 में धारा 406/420 भादवि के तहत आपराधिक इतिहास रहा है।बरामद सामान में दो देशी बम, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली, एक खोखा, एक मिस फायर गोली, पांच मोबाइल फोन और चार पर्चे शामिल हैं। कार्रवाई में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों, तकनीकी शाखा, संगठित अपराध शाखा और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.





