खूंटी। जंगली हाथियों के आतंक से निजात दिलाने, समय पर उचित मुआवजा देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड राज्य किसान मोर्चा के बैनर तले तोरपा प्रखंड की हुसीर पंचायत के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने सोमवार को दियांकेल गांव के पास खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
यह भी पढ़े : विधानसभा घेराव : बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा के करीब पहुंचे छात्र, वाटर कैनन और लाठीचार्ज से रोकने की कोशिश
सड़क जाम की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी पूजा बिन्हा और तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथियों के आतंक से क्षेत्र के किसान लंबे समय से परेशान हैं। हाथियों के कारण फसलों और संपत्ति को होने वाले नुकसान का उचित एवं समय पर मुआवजा नहीं मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में जंगली हाथियों के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाना, जमीन की ऑनलाइन प्रक्रिया में आ रही त्रुटियों को दूर करना, बिजली संशोधन विधेयक को रद्द करना, कृषि उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित करना और भूमि बैंक को रद्द करना शामिल है।
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान करने की मांग की।
मौके पर किसान सभा के प्रखंड सचिव कल्याण गुड़िया, फिलिप बारला, अध्यक्ष प्रदीप गुड़िया, राज्य कमेटी सदस्य मंगल गुड़िया, जोन गुड़िया, किरण गुड़िया, हुनुल बारला, सावित्री गुड़िया और आशा भेंगरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





