श्रीनगर : अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर का दौरा किया। इस यात्रा के दौरान उन्होंने बुधवार को श्रीनगर का दौरा किया है। कश्मीर पहुंचने के बाद सर्जियो गोर ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का एक बेहद अहम हिस्सा है। भारत की लंबे समय से चली आ रही स्थिति पर अमेरिकी दूत का यह बयान काफी मजबूत समर्थन माना जा रहा है। गौरतलब है, आर्टिकल 370 हटने और हालिया सुरक्षा घटनाओं के बाद किसी अमेरिकी राजदूत का यह पहला कश्मीर दौरा है। श्रीनगर पहुंचने के बाद अमेरिकी दूत सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।
यह भी पढ़े : गरीब परिवार को शव देने के लिए अस्पताल ने थमाया भारी बिल
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए सर्जियो गोर ने बताया कि इस बैठक का मुख्य केंद्र कश्मीर के विकास से जुड़े मुद्दे और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी साझेदारी को और मजबूत करने के नए अवसरों पर भी चर्चा की गई है।श्रीनगर में CM उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद अमेरिकी राजूदत सर्जियो गोर ने कहा, ‘यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह भारत का एक अहम हिस्सा है। मैं यहां पहली बार आया हूं। यह जगह बहुत खूबसूरत है। मैं यहां आकर और इस जगह को देखकर बहुत उत्साहित हूं।
उन्होंने कहा कि हमारी बहुत अच्छी मुलाक़ात हुई। कुछ आगे की बातें भी हैं, जिन्हें हम वॉशिंगटन और दिल्ली ले जाएंगे। लेकिन यह मुलाक़ात बहुत गर्मजोशी भरी और दोस्ताना रही, और हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। अमेरिकी राजदूत का यह दौरा कूटनीतिक रूप से बेहद खास माना जा रहा है। पिछले पंद्रह से अधिक सालों में यह पहला मौका है जब किसी सेवारत अमेरिकी राजदूत और जम्मू-कश्मीर के किसी मुख्यमंत्री के बीच सीधी बैठक हुई है। इससे पहले साल 2011 में तत्कालीन अमेरिकी दूत टिमोथी रोएमर ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की थी। इसके अलावा साल 2018 के बाद यह किसी अमेरिकी राजदूत का पहला स्वतंत्र कश्मीर दौरा है।



