बिजनौर। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में बिना अनुमति और निर्धारित मानक से तेज आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकर के खिलाफ पुलिस ने तीन दिवसीय अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी और एसपी के निर्देश पर पुलिस टीमों ने जांच शुरू करते हुए पहले ही दिन 90 से ज्यादा स्थानों से लाउडस्पीकर हटवाकर उन्हें कब्जे में ले लिया और धर्म गुरूओं को निर्धारित डेसिबल में ही आवाज रखने की सख्त हिदायत दी। जिला जेल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जसजीत कौर और एसपी के.के. बिश्नोई को मस्जिद से अजान की बेहद तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद यह कार्रवाई शुरू की गई।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी चांदपुर के नेतृत्व में थाना चांदपुर क्षेत्र के ग्राम खेड़की स्थित एक धार्मिक स्थल पर लगे लाउडस्पीकर को निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस का सहयोग करते हुए स्वयं लाउडस्पीकर हटाने में साथ दिया। पुलिस ने बताया कि धार्मिक स्थलों पर ध्वनि से संबंधित निर्धारित नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। हटाए गए लाउडस्पीकर को जनहित एवं शैक्षणिक उपयोग के दृष्टिगत ग्राम खेड़की स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य/विद्यालय प्रशासन को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य किसी भी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि नियमों और निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।



