सीवान। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई। अध्यक्षता जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने की। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़े : गंगा के तेज कटाव का जायजा लेने भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राघोपुर तटबंध का किया निरीक्षण
डीएम ने गैर संचारी रोग कार्यक्रम के तहत संचालित ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी प्रखंडों में शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के लिए गठित स्वास्थ्य टीमों को माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य में लगाया जाए। साथ ही सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को अभियान की दैनिक निगरानी करने को कहा।
एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के विशेष अभियान के तहत सभी आयु वर्ग के लोगों की एनीमिया जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जांच में एनीमिया से पीड़ित पाए जाने वाले मरीजों को आवश्यकता के अनुसार दवा उपलब्ध कराने तथा गंभीर स्थिति में रेफरल की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया। टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान डीएम ने स्क्रीनिंग में चिन्हित और इलाजरत सभी टीबी मरीजों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान अद्यतन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। सदर अस्पताल की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए मरीजों का समुचित इलाज किया जाए और प्रयास किया जाए कि अनावश्यक रूप से मरीजों को रेफर न करना पड़े।





