प्रयागराज। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज और शंभूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले ‘रोजगार महोत्सव-2026’ का आयोजन 09 और 10 अक्टूबर को किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की करीब 100 कंपनियां हिस्सा लेंगी। इनके माध्यम से लगभग 30 हजार पदों के सापेक्ष बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़े : 1000 से अधिक रिक्तियों के साथ नियोजन मेले में युवाओं को मिला रोजगार का अवसर
सहायक निदेशक सेवायोजन, प्रयागराज राजीव कुमार यादव ने शुक्रवार काे बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी अलग-अलग तिथियों पर रोजगार मेलों का आयोजन प्रस्तावित है। इसके तहत 24 सितंबर को शहर उत्तरी, 25 सितंबर को बारा और 26 सितंबर को सोरांव विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेला लगेगा। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को फाफामऊ, 28 अक्टूबर को करछना और 29 अक्टूबर को कोरांव में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद 16 नवंबर को फूलपुर, 17 नवंबर को मेजा, 18 नवंबर को शहर दक्षिणी, 27 नवंबर को प्रतापपुर और 28 नवंबर को हंडिया विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेले आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि परिस्थितियों के अनुसार इनकी तिथियों में बदलाव भी किया जा सकता है।
रोजगार मेलों में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। इनमें प्रेरणा कंसल्टेंसी, जस्ट डायल, एक्सिस बैंक, सिद्धी इनफोटेक, वर्धमान टेक्सटाइल, बीकेटी टायर्स, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट, टाटा मोटर्स, यूनिकेम लैबोरेटरीज और पेटीएम सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेलों का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को उनकी शैक्षिक योग्यता और कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ही उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर मिलेगा। प्रेस वार्ता में शंभूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के प्लेसमेंट अधिकारी अविरल, सिद्धी इनफोटेक के रितेश गोयल और जिला सेवायोजन अधिकारी, कौशांबी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


