देवरिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को रुद्रपुर स्थित श्री हरि लॉन में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 68 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 62 हिंदू जोड़ों का विवाह और छह मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।
यह भी पढ़ें- उद्योगों की जरूरत के अनुरूप बदलेंगे यूपी के आईटीआई
समारोह में रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, ब्लॉक प्रमुख रुद्रपुर उषा पासवान, नगर पंचायत रुद्रपुर अध्यक्ष सुधा निगम समेत अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये विवाहिता के बैंक खाते में, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन संबंधी व्यय के लिए निर्धारित हैं।



