फर्रुखाबाद। पत्रकारिता के क्षेत्र में साहसिक, निष्पक्ष एवं ईमानदार पत्रकारिता के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद के पत्रकार ऋषि कुमार सिंह सेंगर को प्रशस्ति पत्र भेजकर सम्मानित किया है। शासन स्तर से मिली इस सराहना के बाद जिले के पत्रकारिता जगत और उनके शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
यह भी पढ़े : राज्यसभा चुनाव ने बता दिया उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम : मुख्यमंत्री याेगी
ऋषि कुमार सिंह सेंगर मूलरूप से फर्रुखाबाद जिले के कमालपुर गांव, पोस्ट ताजपुर के निवासी हैं। पत्रकारिता के दौरान उन्होंने समाज के कमजोर, असहाय और पीड़ित लोगों से जुड़े कई मामलों को प्रमुखता से उठाया। उनके द्वारा प्रसारित खबरों में जनसमस्याओं के साथ-साथ ऐसे मामलों को भी सामने लाया गया, जिनमें पीड़ितों को न्याय और सहायता की आवश्यकता थी। बताया गया कि इन खबरों का शासन स्तर पर भी संज्ञान लिया गया।
ऋषि कुमार सिंह सेंगर की पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र भेजा गया। जिलाधिकारी अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सार्वजनिक रूप से यह प्रशस्ति पत्र पत्रकार ऋषि कुमार सिंह को सौंपा। इस दौरान अधिकारियों ने उनके साहसिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं को सामने लाना लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अधिकारियों ने उनकी लेखनी को और धार देने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में आवश्यक सहयोग का भरोसा भी दिया।
पत्रकार ऋषि कुमार सिंह सेंगर ने सम्मान के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज की समस्याओं और जरूरतमंद लोगों की आवाज को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास जारी रहेगा।
ऋषि कुमार सिंह सेंगर वरिष्ठ पत्रकार चंद्रपाल सिंह सेंगर के पुत्र हैं। चंद्रपाल सिंह सेंगर पिछले करीब 35 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी से जुड़े हैं। पत्रकारिता की लंबी पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाले ऋषि कुमार ने भी इसी क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।
ऋषि कुमार सिंह सेंगर को मुख्यमंत्री की ओर से मिले प्रशस्ति पत्र के बाद जिले के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिचितों ने उन्हें बधाई दी।


