लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 में शामिल होने वाले करीब 37 लाख अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया है। साथ ही, दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के आवागमन और ठहरने की समुचित व्यवस्था करने को कहा है।
यह भी पढ़े : अपराधी कितना भी डीपफेक का आवरण ओढ़े, उसे खोज निकालेंगे : मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न होने पाए। इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की निगरानी करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पहले से सर्वे कराया जाए और संभावित जाम वाले स्थानों को चिह्नित कर यातायात संचालन की प्रभावी योजना तैयार की जाए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती के साथ अभ्यर्थियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने की व्यवस्था करने को कहा गया है। जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया है।
बसों और रेलवे के साथ समन्वय पर जोर
परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के मद्देनजर परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर पर्याप्त बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से रेलवे के साथ भी संपर्क बनाए रखने और अभ्यर्थियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है। परीक्षा के दिनों में बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर संभावित भीड़ को देखते हुए भी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है।
बाहरी जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने दूसरे जनपदों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रैन बसेरों में सम्मानजनक ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन को अभ्यर्थियों की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थाएं करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
तीन तिथियों में होगी परीक्षा
उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UPPET-2026) का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 01 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा में करीब 37 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की भागीदारी को देखते हुए प्रदेशभर में सुरक्षा, यातायात, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना प्रशासन के लिए अहम चुनौती होगी। सरकार का जोर परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर है।



