सुपौल। जिला मुख्यालय स्थित +2 टीसी हाई स्कूल, चकला निर्मली में सोमवार को भाजपा युवा मोर्चा की ओर से विकसित भारत संकल्प संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने की। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने भाग लिया।
यह भी पढ़े : सपा यूपी के लिए शाप, जब भी सत्ता में आई तबाही मचाई : मुख्यमंत्री योगी
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, आत्मनिर्भरता, नवाचार, सामाजिक समरसता तथा देश के विकास में युवाओं की जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विजय शंकर चौधरी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा जागरूक, शिक्षित, आत्मनिर्भर और अपने कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार होगा। युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं।
उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
भाजपा जिला प्रवक्ता रणधीर ठाकुर ने लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज, स्वतंत्र अभिव्यक्ति और संवैधानिक अधिकारों का संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र भगाओ’ के नारे के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, जवाबदेही और जनभागीदारी पर भी चर्चा की गई।
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल एक नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प है। आज का भारत नई सोच, नई ऊर्जा और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उसे पूरा करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है।
उन्होंने कहा कि सुपौल जिले में भी अपार संभावनाएं हैं। कोसी की धरती पर मेहनत करने की ताकत है, युवाओं में प्रतिभा है और किसानों में परिश्रम है। जरूरत इन संभावनाओं को अवसरों में बदलने की है। बिहार का युवा केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बने। आज युवा स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया, खेल, विज्ञान और उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य केवल अपना भविष्य बनाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करना भी होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। संवाद कार्यक्रम के बाद हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें युवाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर भाजपा नेत्री सरिता मिश्रा, रूबी जायसवाल, भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री आलोक कुमार, जिला उपाध्यक्ष विशाल कुमार मिश्रा, किशोर कुमार, मनीष कुशवाहा, राजेश कुमार मल्लिक, शिवा चौधरी, राजेश चौधरी, शंकर कुमार शाह, कृष्णदेव शाह, अभिषेक गुप्ता, शिवशंकर यादव, पवनजीत कुमार, अभिमन्यु पासवान, दिलखुश कामत, रोशन कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं युवा उपस्थित थे।





