लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर नव चयनित 28 वैज्ञानिकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल नियुक्ति पत्र किसी व्यक्ति को ही नहीं मिल रहा है। यह पूरे परिवार की खुशी है। योग्यता व मेरिट के आधार पर चयन किया गया है। पिछले साढ़े नौ वर्ष में 02 लाख 30 हजार से अधिक नियुक्ति की प्रक्रिया संपन्न हुई है। हम अगले छह महीने में एक लाख नियुक्ति पत्र देंगे। नौ साल में पुलिस विभाग में 2.30 लाख नियुक्ति हुई है।
यह भी पढ़े : योगी सरकार का डिजिटल एक्शन प्लान तैयार, पुलिस से अदालत तक एक क्लिक पर जुड़ेगी न्याय व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अपराधी बेखौफ घूमता था आज उत्तर प्रदेश की यह पहचान बनी है। देश में कानून व्यवस्था की चर्चा होती है तो उत्तर प्रदेश की चर्चा होती है। अपराधी कोई बचना नहीं चाहिए और निर्दोष फंसना भी नहीं चाहिए। हम लोग अक्सर यह देखते हैं सत्यमेव जयते। हमारा उपनिषद भी कहता है सत्य की ही विजय होती है। सत्य की विजय तभी होगी जब आप साक्ष्य प्रस्तुत कर पाएंगे। न्याय के शासन के लिए हर आदमी को न्याय मिले। तारीख पर तारीख की परम्परा बंद हो।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गरिमा सिंह, डा.कुमुदनी गौतम, पवन कुमार प्रजापति, डा. कपिल वर्मा, डा.प्रवीन तिवारी, रवी गुप्ता, शशांक शेखर तिवारी और डा.अतुल कुमार को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद व डीजीपी राजीव कृष्णा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।





