रांची: झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत के मामले में हाईकोर्ट ने जांच की प्रगति पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट के आदेश पर अनुसंधानकर्ता DSP हाजिर हुए। अदालत ने उनसे अब तक की जांच का पूरा ब्योरा मांगा। साथ ही केस डायरी और जांच की अपडेट रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने यह भी पूछा कि इस मामले में अब तक कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं।
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अदालत में हुई। सुनवाई के दौरान अनुसंधानकर्ता ने जांच की अपडेट रिपोर्ट तैयार करने के लिए समय मांगा। इस पर अदालत ने उन्हें 6 दिसंबर तक का समय दिया। साथ ही अगली सुनवाई में केस डायरी और जांच की पूरी जानकारी के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया। प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता विकास कुमार ने अदालत में पक्ष रखा।
तीन घंटे के भीतर दो बार हुआ था पोस्टमार्टम, परिजनों ने उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान प्रार्थी की ओर से अनुष्का की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की व्यापक और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। अदालत को बताया गया कि अनुष्का का शव मिलने के बाद महज तीन घंटे के भीतर दो बार पोस्टमार्टम कराया गया था। इस पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि आखिर इतनी जल्दी दोबारा पोस्टमार्टम कराने की जरूरत क्यों पड़ी?
प्रार्थी की ओर से यह भी बताया गया कि शव मिलने के समय अनुष्का का पैर जमीन से सटा हुआ था। उनके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की गई। कोर्ट को यह भी बताया गया कि अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोप लगाया गया कि पुलिस जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रही है, ताकि आरोपियों को बचाया जा सके।
फ्लैट में मिला था शव, पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
पूरा मामला हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स का है। इसी कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का शव मिला था। अनुष्का के पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने उनके पति कुशाग्र रुद्र और सास-ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, अनुष्का और उनके पति ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों गुप्ता कॉम्प्लेक्स के उसी फ्लैट में रह रहे थे, जहां बाद में अनुष्का का शव मिला। पिता का आरोप है कि बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुष्का की हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटका दिया गया था।
भाई ने दायर की क्रिमिनल रिट याचिका
अनुष्का के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की है। याचिका में मौत की परिस्थितियों और जांच के तरीके पर सवाल उठाए गए हैं। परिवार का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
फिलहाल हाईकोर्ट ने जांच की प्रगति जानने के लिए अनुसंधानकर्ता से केस डायरी और अपडेट रिपोर्ट मांगी है। DSP को 6 दिसंबर तक का समय दिया गया है। अब अगली सुनवाई में पुलिस की जांच और अब तक हुई कार्रवाई पर अदालत की नजर रहेगी।




