लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर भाजपा नेताओं ने गहरा दुख जताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। सभी ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की है।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली।
पंकज चौधरी बोले- मां का जाना अपूरणीय क्षति
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए शोक जताया। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन बेहद दुखद और हृदय को व्यथित करने वाला है। मां का दुनिया से चले जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भगवान श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। साथ ही परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की कामना की।
केशव प्रसाद मौर्य ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत माताजी को विनम्र श्रद्धांजलि दी।
केशव मौर्य ने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की अनमोल पूंजी होता है। मां का साया सिर से उठ जाना ऐसी क्षति है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने भगवान श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
ब्रजेश पाठक और अन्य नेताओं ने भी जताया दुख
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। भाजपा नेताओं ने इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।




