जामताड़ा। संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की है। आगामी 26 नवंबर को रांची में होने वाले संविधान रक्षा मार्च की तैयारी को लेकर रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस नेताओं ने अधिक से अधिक लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की।
यह भी पढ़ें : झारखंड पुलिस के 20 अधिकारी और जवान होंगे सम्मानित, सूची जारी
प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान से चलेगा, भाजपा के फरमान से नहीं। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है।
SIR को लेकर मंत्री ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इससे आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के मताधिकार पर असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी योग्य नागरिक को इससे वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
डॉ. अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है। इसी उद्देश्य से 26 नवंबर को रांची में विशाल संविधान रक्षा मार्च आयोजित किया जाएगा। इसमें जामताड़ा से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सह जिला प्रभारी अब्दुल करीम अंसारी ने कहा कि बाबा साहेब का संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान की रक्षा का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि संविधान महिलाओं, गरीबों, आदिवासियों, दलितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई में महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी।
कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को इसके मूल्यों और अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करना चाहिए।
प्रेस वार्ता में सभी नेताओं ने कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से 26 नवंबर को रांची पहुंचकर संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने की अपील की।




