जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के एमजीएम अस्पताल में एक युवक के शव की दोनों आंखों से छेड़छाड़ किए जाने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और शवगृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी 18 वर्षीय राजू प्रमाणिक की बुधवार को कथित आत्महत्या के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल के शवगृह में रखा गया था।
गुरुवार को जब परिजन शव लेने अस्पताल पहुंचे, तो उसकी दोनों आंखों की हालत देखकर हैरान रह गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि शव की आंखों के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से इस मामले में जवाब मांगा और लापरवाही का आरोप लगाया।
हंगामे की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।
फिलहाल मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की लिखित शिकायत का इंतजार है।
Read more : मुंह से लिखकर मैट्रिक में 93.8% अंक लाने वाले फैजानुल्लाह से मिले सीएम हेमंत सोरेन





