पटना/चतरा: बिहार में हुए बालू घोटाले की जांच अब झारखंड तक पहुंच गई है। बिहार की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इस मामले में चतरा जिले में तीन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। जिन लोगों के यहां कार्रवाई की जा रही है, उनमें राजद से जुड़े अरुण सिंह, लोजपा से संबंधित प्रेम सिंह और ठेकेदार शक्ति सिंह शामिल हैं।
पलामू भी पहुंची EOW की टीम
जानकारी के अनुसार, बिहार EOW की एक टीम पलामू भी पहुंची है। बताया जा रहा है कि अरुण कुमार सिंह का पलामू में क्रशर और माइंस का कारोबार है। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर EOW की टीम ने चतरा में सिंह बंधुओं से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है।
अरुण सिंह, प्रेम सिंह और शक्ति सिंह आपस में करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। फिलहाल टीम अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही है।
बालू घोटाले की जांच कर रही EOW और ED
बिहार में हुए बालू घोटाले की जांच आर्थिक अपराध शाखा कर रही है। जांच के दौरान झारखंड के कुछ लोगों की भूमिका सामने आने के बाद बिहार EOW ने यहां कार्रवाई शुरू की है।
वहीं, इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी जांच कर रहा है। बिहार EOW की प्राथमिकी के आधार पर ED ने ECIR दर्ज की है। इससे पहले पिछले साल बिहार ED ने धनबाद के कुछ ठिकानों पर भी छापेमारी की थी।
फिलहाल चतरा और पलामू में चल रही कार्रवाई को लेकर जांच एजेंसियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
Read more : एमजीएम अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, शव की आंखों को लेकर परिजनों ने किया हंगामा





