रांची। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव 19 सितंबर को रांची आएंगे। यहां आगमन पर उनका जोरदार स्वागत होगा। यह बात राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कही। वे रविवार को पार्टी कार्यालय में बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में कई निर्णय किए गए। संगठन की मजबूती को लेकर कई दिशा निर्देश भी कार्यकर्ताओं को दिए गए। बैठक में तेजस्वी यादव के आगमन पर स्वागत करने, संगठन की मजबूती, दस लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया। इसके अलावा 16 सितंबर को छतरपुर में पार्टी का कार्यक्रम आयोजन किया गया है। अभय सिंह ने कहा कि जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक दल का सदस्यता अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को जोड़ा जाए।
मौके पर राजद के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव के निर्देशानुसार झारखंड में राजद सभी जिलों में जोरदार तरीके से अभियान चलाकर सभी सीटों पर इतनी मजबूती महसूस करें कि अगली सरकार में हमारा दल किंग बने या किंगमेकर की महत्वपूर्ण भूमिका में रहे।
इस अवसर पर प्रवक्ता मनोज कुमार, सुभाष यादव, सुरेश पासवान आदि मौजूद थे।




