नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को राजघाट क्लस्टर बस डिपो से 100 नई एसी बसों काे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने फीता काटा और कहा कि 10 साल बाद नई एसी बसें आई हैं। उनकी सरकार दिल्ली के ट्रांसपोर्ट को भी मॉडल बनाएगी। वह नई सरकार बनते ही काम पर लग गए हैं। अभी तक कई महत्वपूर्ण निर्णय ले गए हैं।
उद्घाटना समारोह में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के अलावा कई अधिकारी मौजूद हे। खास बात यह है कि इन एसी बसों में 12 मीटर लो फ्लोर है और दिव्यांगों के लिए बस नीलिंग रैंप की सुविधा बनाई गई है। बस में पैनिक बटन लगे हैं और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। महिलाओं के लिए पिंक सीट होंगी। इसके अलावा आपातकाल के दौरान लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग की भी सुविधा है।
उल्लेखनीय है कि आप सरकार की योजना इस वर्ष चार हजार बसों को लाने की है। इससे पहले केजरीवाल सरकार ने सात नवम्बर 2019 को इस डिपो से 100 नई बसों को रवाना किया था। इसी के साथ सरकार राजधानी के मुख्य मार्गों को एक्सप्रेस रूट में बदलने पर काम कर रही है और इन रूटों पर पांच मिनट के अंतराल पर बस सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी।



