NEW DELHI: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस ने देश को जो घाव दिये हैं, इतिहास उसका गवाह है। इतिहास पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस पार्टी को कभी माफ नहीं करेगा। अनुराग ठाकुर ने बुधवार को एक कार्यक्रम में कहा कि नेहरू ने जो गलतियां की हैं, उसका खमियाजा आज भी लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 553 से ज्यादा रियासतों को शामिल करवाया और नेहरू ने एक जम्मू एवं कश्मीर की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन उसे भी ठीक से नहीं निभा पाये। अनुराग ठाकुर ने पूछा कि राहुल गांधी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के लिए किसको जिम्मेदार मानते हैं? 1962 में चीन के साथ युद्ध में तीन हजार लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन था? कांग्रेस इन सब गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिशें कर रही है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा था कि पंडित नेहरू ने भारत के लिए अपनी जान दे दी। वह वर्षों तक जेल में रहे। अमित शाह इतिहास से अनजान हैं। उनसे इतिहास जानने की उम्मीद नहीं कर सकता, उन्हें इसे दोबारा लिखने की आदत है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



