पलामू। उपायुक्त के निर्देश पर हुसैनाबाद प्रखंड के एकौनी गांव के तीन अनाथ बच्चों अंजली कुमारी, हिमाचल कुमार और हिमांशु कुमार को सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से उपलब्ध कराया जा रहा है। अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि तीनों बच्चों की स्पॉन्सरशिप योजना स्वीकृत हो गई है। अगले महीने से प्रत्येक बच्चे के बैंक खाते में प्रतिमाह 04 हजार रूपये की सहायता राशि भेजी जाएगी।
यह भी पढ़े : राखी बनाओ और डाक से भेजो प्रतियोगिता में 500 छात्र लेंगे हिस्सा
सीओ पंकज कुमार ने बुधवार को बताया कि बच्चों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अभिभावक, बीपीओ, शिक्षक और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से जोड़ा गया है। उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षक नियमित रूप से मार्गदर्शन देंगे, जबकि बीपीओ शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं की निगरानी करेंगी। राशन कार्ड में बच्चों का नाम भी जोड़ दिया गया है, जिससे उन्हें हर महीने निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अनुमंडलीय चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर डॉक्टरों की टीम गठित की गई है, जो प्रत्येक माह एकौनी और बरडीहा गांव पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। प्रशासन ने बच्चों को संपर्क में रखने के लिए एक कीपैड मोबाइल भी उपलब्ध कराया है, ताकि किसी भी समस्या की सूचना सीधे अधिकारियों तक पहुंच सके।
सीओ ने कहा कि बच्चों के घर में बिजली, बल्ब और पंखे की व्यवस्था कराई जा रही है। एक-दो दिनों में गैस चूल्हा भी उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी पात्र योजनाओं का लाभ इन बच्चों तक पहुंचाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि समाजसेवी सतीश शर्मा के ट्वीट पर पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत 15 मई को एकौनी गांव जाकर उक्त अनाथ बच्चों से मिले थे और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया था।
सबसे भावुक पल तब आया जब उपायुक्त ने बच्चों को अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा था कि जब भी किसी चीज की जरूरत लगे या कोई परेशानी हो, सीधे मुझे फोन कर लेना।




