पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना के राजेन्द्र नगर में 21 एकड़ में नवनिर्मित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साईंस सिटी का उद्घाटन किया।
यह भी पढ़े : राज्य पथ परिवहन निगम की बस असंतुलित होकर पलटी,बाल-बाल बचे लोग
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी को विशिष्ट अवधारणा (आइडियाज) के साथ बनाया गया है। यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक ऐसा आधुनिक केन्द्र बना है, जो सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जानने-समझने के लिये यह आकर्षक और अनूठा केन्द्र होगा। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी विज्ञान के प्रचार-प्रसार के विश्व के बेहतरीन केंद्रों में से अपने आप में विशिष्ट होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने इस साइंस सिटी का नामकरण महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर किया है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी का बिहार के प्रति विशेष लगाव था। हमारे मन में भी उनके प्रति विशेष श्रद्धा थी और हमारे प्रति भी वे स्नेह रखते थे।
उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 01 मार्च 2019 को किया गया था। मुख्यमंत्री के द्वारा परियोजना के निर्माण कार्य का सतत् रूप से अनुश्रवण किया जाता रहा है। उनके द्वारा कई बार परियोजना का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
राज्य सरकार की ओर से अच्छे स्तर का साइंस सिटी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों की टीम को अध्ययन के लिए विदेश भेजा गया। बाद में मार्च, 2024 में मुख्यमंत्री ने स्वयं लंदन स्थित साईंस सिटी का निरीक्षण किया और नई पीढ़ी के लोगों को विज्ञान के प्रति और भी आकर्षित करने के लिए बेहतर साईंस सिटी बनाने का निर्देश दिया