स्वदेश संवाददाता
हजारीबाग। भाजपा ने झारखंड प्रदेश में वर्तमान झारखंड सरकार की विफलता को जनता तक पहुंचाने और भाजपा के विकास कार्यों से रूबरू कराने के लिए संकल्प यात्रा की शुरुआत की है। इस यात्रा के माध्यम से झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह भाजपा झारखंड प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सूबे के सभी 81 विधानसभा क्षेत्र में संकल्प यात्रा और जनसभा कर रहें हैं। इस संकल्प यात्रा को कुल सात चरणों में बांटा गया है। प्रथम चरण की शुरूआत 17 अगस्त से साहिबगंज जिले के बरहेट विधानसभा से की है और इसका समापन आगामी 10 अक्तूबर को हटिया-रांची विधानसभा के जनसभा के साथ मोराबादी मैदान में ऐतिहासिक व विशाल जनसभा के माध्यम से होगा। संकल्प यात्रा का चतुर्थ चरण की शुरूआत 9 सितंबर को उत्तरी छोटानापुर प्रमंडल मुख्यालय की पावन धरती हजारीबाग से होगी। संकल्प यात्रा के चतुर्थ चरण के तहत शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी हजारीबाग पहुंचेंगे। हजारीबाग के झील रोड स्थित जिला स्कूल मैदान में उनकी जनसभा होगी। जहां झारखंड में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बाबूलाल मरांडी गूंजेंगे तो वहीं बीजेपी कार्यकर्ता इसके लिए गोलबंद होंगे एवं जनता के साथ संकल्प लेंगे और वर्तमान झारखंड की गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंक कर झारखंड के भविष्य को स्वर्णिम बनाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास और कार्य में जुटेंगे। इधर संकल्प यात्रा के चतुर्थ चरण में हजारीबाग पहुंच रहे बाबूलाल मरांडी के अभूतपूर्व स्वागत और जनसभा में विशाल जनसैलाब जुटाने में हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल लगातर जुटे हुए हैं। विधायक मनीष जायसवाल ने शुक्रवार को जनसभा स्थल जिला स्कूल मैदान का खुद निरीक्षण किया और मंच, लोगों के बैठने और पार्किंग व्यवस्था के अलावे किचेन का भी जायजा लिया। तत्पश्चात विधायक मनीष जायसवाल सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान के माध्यम से संकल्प यात्रा के स्वागत और जनसभा में शामिल होने के लिए लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जनसभा को सफल बनाने का अपील भी कर रहें हैं। शहर के सभी प्रमुख चौक- चौराहें विशेषकर कार्यक्रम स्थल और संकल्प यात्रा रूट को भाजपा झंडा और बैनर पोस्टर से पाट दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर तोरण द्वार बनाए गए हैं और विशाल मंच के साथ जनता के बैठने के लिए टेंट का निर्माण किया गया है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.





