RANCHI : मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खलारी बाजार टांड़ में रविवार शाम करीब 5:30 बजे बेखौफ नकाबपोश अपराधियों ने दिनदहाड़े एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए पैदल फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना से साप्ताहिक बाजार में मौजूद सैकड़ों लोगों में दहशत फैल गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार तीन से चार नकाबपोश अपराधी खलारी बाजार पहुंचे और इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक विजय केशरी को निशाना बनाते हुए बेहद नजदीक से माथे और सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज से बाजार में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। अपराधियों का इस तरह निडर होकर वारदात को अंजाम देना क्षेत्र में गिरती कानून व्यवस्था की गंभीर तस्वीर पेश करता है।
घायल विजय केशरी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल डकरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया। इस संबंध में परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, जिससे घटना के पीछे आपराधिक मंशा या रंगदारी जैसे कारणों की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए संभावित स्थानो पर छापेमारी की जा रही है। हालांकि, क्षेत्रवासियों का कहना है कि थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, लेकिन पुलिस गश्ती और निगरानी नाकाफी साबित हो रही है।
दिनदहाड़े बाजार में गोलीकांड ने साफ कर दिया है कि मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट और नियमित गश्ती की मांग की है।


